तेज रफ्तार कार बिजली पोल से टकराई

 


रामगढ़, 08 मार्च (हि.स.)। रामगढ़ भुरकुंडा मुख्य मार्ग पर बरकाकाना ओपी क्षेत्र में रविवार को एक तेज रफ्तार कार ( जेएच 01 जीई 3030) अनियंत्रित होकर सड़क के बीच में लगे बिजली पोल से टकरा गई।

बताया जाता है कि वाहन रामगढ़ से भुरकुंडा की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक को झपकी आ गई, जिससे वाहन से उसका नियंत्रण हट गया और बोलोनो सीधे सड़क के बीच में लगे बिजली के पोल से जा भिड़ी। दुर्घटना के बाद मुख्य सड़क पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई।

सड़क के बीच में वाहन खड़ा होने के कारण आने-जाने वाले वाहनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

इस हादसे में वाहन चला रहे चालक और आगे बैठे एक अन्य व्यक्ति बाल-बाल बच गए। हालांकि वाहन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में लेकर ओपी ले गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश