टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 24 घंटे में सूचनाएं करें अपडेट : सचिव

 


रांची, 26 अक्टूबर (हि.स.)। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान की प्रगति में तेजी लाने और 24 घंटे के भीतर लंबित सूचनाएं अपडेट किया जाए। दीपावली से पहले एनएचएम संविदा कर्मियों, आउटसोर्स कर्मियों और सहियाओं के बकाया मानदेय एवं वेतन का भुगतान सुनिश्चित होना चाहिए।

अपर सचिव सोमवार को आयोजित समीक्षा बैठक में सभी जिलों के सिविल सर्जन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के पदाधिकारी और टीबी उन्मूलन कार्यक्रम से जुड़े अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आवश्यक निर्देश देते हुए बोल रहे थे।

मौके पर अपर मुख्य सचिव ने अभियान के कमजोर प्रदर्शन वाले जिलों को आवश्यक सुधार कर अद्यतन आंकड़े वेबसाइट पर अपलोड करने का निर्देश दिया।

इसके साथ ही उन्होंने निक्षय पोषण योजना के तहत पात्र टीबी मरीजों के बैंक खातों में लंबित आर्थिक सहायता तत्काल हस्तांतरित करने को कहा। अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के व्यय और भुगतान संबंधी प्रक्रियाएं पूरी करने का निर्देश भी दिया। भुगतान में लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

बैठक में ममता वाहन और 108 एम्बुलेंस सेवाओं की भी समीक्षा हुई। सात वर्ष से अधिक पुरानी, डेढ़ लाख किलोमीटर से ज्यादा चल चुकी और अनुपयोगी एम्बुलेंसों को नियमानुसार नीलाम कर अस्पताल परिसरों से हटाने को कहा गया।

इसके अलावा जिला अस्पताल से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक दीपावली से पहले रंग-रोगन, मरम्मत, साफ-सफाई और परिसर के रखरखाव का काम पूरा करने का निर्देश दिया गया। बैठक में कई अधिकारी पदाधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar