मैजिक और बाइक की टक्कर में एक की मौत, दो गंभीर

 


दुमका, 06 अक्टूबर (हि.स.)। जिला के हंसडीहा थाना क्षेत्र में नवोदय विद्यालय के समीप मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार मैजिक वाहन अनियंत्रित होकर पहले बाइक से टकराया और फिर सड़क किनारे स्थित एक स्टेशनरी दुकान में जा घुसा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मैजिक वाहन दुमका की ओर से हंसडीहा आ रहा था। नवोदय विद्यालय के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद वाहन विपरीत दिशा से आ रही बाइक को अपनी चपेट में लेते हुए दुकान में घुस गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। संयोगवश उस समय दुकान में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हादसे में रजौन थाना क्षेत्र के मझघाय गांव निवासी अरुण सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके पुत्र अश्वनी कुमार (24) और रजौन थाना क्षेत्र के कुशमी गांव निवासी राजीव रंजन गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही हंसडीहा थाना के एसआइ दिलीप हांसदा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मैजिक वाहन को जब्त कर लिया है। घटना के बाद कुछ देर तक सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी अजीत यादव ने एक की मौत की पुष्टि करते हुए घायलों को इलाज के लिए भेज कार्रवाई में जुट गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार