अवैध अफीम की खेती के खिलाफ कार्रवाई में लापरवाही पर होगी कार्रवाई : डीसी
चतरा, 15 अक्टूबर (हि.स.)। अवैध अफीम की खेती और खरीद-बिक्री पर रोक लगाने को लेकर उपायुक्त रवि आनंद ने सख्त निर्देश दिए हैं। गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित एनसीओआरडी की समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि जिले में अवैध अफीम की खेती किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए पुलिस, वन विभाग और जिला प्रशासन समन्वय बनाकर कार्रवाई करें।
उपायुक्त ने सभी प्रखंड स्तरीय टास्क फोर्स को प्रत्येक सप्ताह बैठक कर कार्रवाई की रिपोर्ट जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने चौकीदारों को अपने क्षेत्रों में निगरानी रखने और अवैध खेती की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने को कहा। लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीसी ने अवैध अफीम की खेती के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया।
पूर्व में इस गतिविधि में संलिप्त लोगों को चिह्नित कर कानूनी कार्रवाई और जिला बदर की प्रक्रिया के लिए सूची उपलब्ध कराने को भी कहा।
बैठक में एसपी अनिमेष नैथानी, वन प्रमंडल पदाधिकारी राहुल मीणा, सिमरिया के अनुमंडल पदाधिकारी, एसडीपीओ सन्नी वर्धन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी