एसआईआर-2026 के तहत मतदान केंद्रों पर लगा विशेष शिविर
रांची, 18 जुलाई (हि.स.)।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत शनिवार को रांची के सभी शहरी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान सुबह 10 बजे से शाम 04 बजे तक चले शिविर में बड़ी संख्या में मतदाता अपने-अपने मतदान केंद्र पहुंचे और गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) प्राप्त करने और भरे हुए प्रपत्र जमा करने की प्रक्रिया में भाग लिया। शिविर में जिन मतदाताओं को अबतक एन्यूमरेशन फॉर्म नहीं मिला था, उन्हें बीएलओ की ओर से प्रपत्र उपलब्ध कराया गया।
वहीं, जिन मतदाताओं ने प्रपत्र भर लिया था, उन्होंने संबंधित बीएलओ के पास उसे जमा किया। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं को आवश्यक जानकारी और सहयोग भी उपलब्ध कराया गया। इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने बताया कि जिन मतदाताओं का एन्यूमरेशन फॉर्म अभी तक प्राप्त या जमा नहीं हो सका है, उनके लिए 20 जुलाई को भी शहरी क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 10 बजे से शाम 04 बजे तक विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने शहरी मतदाताओं से अपील की कि वे निर्धारित तिथि पर अपने संबंधित मतदान केंद्र पहुंचकर प्रपत्र प्राप्त करें अथवा भरा हुआ प्रपत्र अवश्य जमा करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो मतदाता पहले ही बीएलओ के पास या ऑनलाइन अपना प्रपत्र सफलतापूर्वक जमा कर चुके हैं, उन्हें दोबारा शिविर में आने की आवश्यकता नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar