झारखंड विधानसभा में एमएमडीआर संशोधन पर संकल्प पारित, केंद्र को भेजा जाएगा
रांची, 26 नवंबर (हि.स.)। झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के दूसरे दिन गुरुवार को भोजनावकाश के बाद एमएमडीआर संशोधन बिल पर केन्द्र सरकार के पुर्नविचार करने, वापस लिये जाने के प्रस्ताव पर सदन में चर्चा के बाद राज्य सरकार के संकल्प को ध्वनिमत से पारित कर केन्द्र सरकार को भेजने के लिए सभा ने स्वीकृति दी।
संकल्प पर चर्चा का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि मुझे उम्मीद थी कि विपक्ष के सदस्य मौजूद रहेंगे लेकिन वे अनुपस्थित हैं। उन्होंने कहा कि एमएमडीआर देश के हित में नहीं व्यापारियों के हित में है। उन्होंने कहा कि विपक्ष कितना भी कह ले कि हम मजबूत सरकार हैं, लेकिन केंद्र में मजबूत नहीं मजबूर सरकार है। इसके बाद सदन ने विपक्षी सदस्यों के बहिर्गमन के बीच संकल्प को ध्वनि मत से पारित कर दिया। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो ने सदन की कार्यवाही को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी।
इसके पूर्व चर्चा के भाग लेते हुए झामुमो विधायक कल्पना सोरेन ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा का गठन जल, जंगल और जमीन की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ था। हमारे वीर शहीदों ने स्थानीय संसाधनों पर अधिकार के लिए संघर्ष किया था। ऐसे में खनिज संपदा से जुड़े राज्य के अधिकारों को सीमित किए जाने पर सभी को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
सोरेन ने कहा कि संविधान की सातवीं अनुसूची के तहत खनिज युक्त भूमि पर कर और उपकर लगाने का अधिकार राज्य सरकार के पास है। इसके बावजूद राज्य की संवैधानिक शक्तियों को सीमित कर उसे कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। केंद्र सरकार ने सवाल पूछा कि क्या संशोधन को लागू करने से पहले यह आकलन किया था कि इससे खनिज और खनन वाले राज्यों की वित्तीय स्थिति पर क्या प्रभाव पड़ेगा।
सोरेन ने कहा कि जब राज्य की जमीन के भीतर से खनिज निकलता है तो उससे जुड़े अधिकारों और जिम्मेदारियों में राज्य की भूमिका महत्वपूर्ण होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन इलाकों से खनिज निकलता है, वहां के स्थानीय लोगों को प्रदूषण, विस्थापन और दूसरी समस्याओं का सामना करना पड़ता है, जबकि खनिज से होने वाले लाभ का बड़ा हिस्सा दूसरे क्षेत्रों में चला जाता है। उन्होंने कोयला और सोलर कंपनियों के पास बड़ी मात्रा में जमीन होने का भी उल्लेख किया। कोयला कंपनियों के पास दो लाख एकड़ से अधिक और सोलर कंपनियों के पास करीब 42 हजार एकड़ जमीन है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपने संसाधनों का उपयोग जनता को बेहतर जीवन देने के लिए करना चाहती है लेकिन केंद्र के इस संशोधन से विकास के लिए संसाधन जुटाने की क्षमता प्रभावित होगी।
उन्होंने बकाया राजस्व और भविष्य में राज्य के वित्तीय स्रोतों के संरक्षण पर भी चिंता जताई। सदन में कल्पना ने जल उपयोग से जुड़ी योजनाओं पर संभावित प्रभाव का मुद्दा भी उठाया। कल्पना ने कहा कि केंद्र सरकार को राज्यों की वित्तीय स्वायत्तता और संघीय व्यवस्था की स्थिरता सुनिश्चित करनी चाहिए।
वहीं बेरमो विधायक अनूप सिंह ने राज्य सरकार के संकल्प का समर्थन किया। उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि इस संशोधन के माध्यम से राज्य सरकार को अपने पक्ष में झुकाने और दबाव में लाने का प्रयास किया जा रहा है।सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों को पूंजीपतियों के हाथों सौंपा जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार एक ओर राज्यों के संवैधानिक और वित्तीय अधिकारों को सीमित करने की कोशिश कर रही है, दूसरी ओर सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों को पूंजीपतियों के हाथों सौंपा जा रहा है। उन्होंने कहा कि खनिज संपदा और उससे जुड़े अधिकारों पर राज्यों की भूमिका को कमजोर करने से झारखंड जैसे खनिज संपन्न राज्यों के हित प्रभावित होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे