‘प्रहरी’ पहल के तहत रामगढ़ में पुलिस का विशेष अभियान

 






-संवेदनशील स्थानों पर छापेमारी, नशाखोरी और अड्डेबाजी पर लगाम की कोशिश

रामगढ़, 04 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत के निर्देश पर ‘प्रहरी’ पहल के तहत रविवार को रामगढ़ पुलिस ने जिले के सभी थाना और ओपी क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान संवेदनशील और अड्डेबाजी वाले स्थानों पर छापेमारी कर नशाखोरी, छेड़खानी, अड्डेबाजी सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने का प्रयास किया गया।

पुलिस टीमों ने विभिन्न थाना और ओपी क्षेत्रों में चिह्नित संवेदनशील स्थानों पर पहुंचकर संदिग्ध गतिविधियों की जांच की। पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों पर असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर रोक लगाने के साथ आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाना है।

‘प्रहरी’ पहल के तहत पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश