सांसद और विधायक की उपस्थिति में डीएमएफटी की वार्षिक कार्ययोजना को मंजूरी

 


चतरा, 08 अक्टूबर (हि.स.)। समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में शासी परिषद की बैठक हुई। इसमें वित्तीय वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना को मंजूरी दी गई। खनन प्रभावित क्षेत्रों के लिए ग्रामसभा से चयनित योजनाओं को अनुमोदित करते हुए पूर्व से संचालित योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

कार्ययोजना में 50 बेड का डायलिसिस सेंटर, सेंट्रल डायग्नोस्टिक लैब, ब्लड कंपोनेंट यूनिट और पांच नई एंबुलेंस सहित स्वास्थ्य सुविधाओं को प्राथमिकता दी गई है। आंगनबाड़ी केंद्रों के सुदृढ़ीकरण, महिलाओं-बालिकाओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा एवं नवजात तथा धात्री माताओं के लिए योजनाएं भी शामिल हैं। कृषि में पॉलीहाउस, मिनी कोल्ड स्टोरेज, जैविक एवं जलवायु अनुकूल खेती के साथ बेकरी, मधुमक्खी पालन और मशरूम उत्पादन जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। पेयजल, तालाब जीर्णोद्धार, चेकडैम, सामुदायिक शौचालय और बायोगैस योजनाओं को भी मंजूरी मिली।

बिरहोर परिवारों के लिए आवास, सड़क, पेयजल और विद्युतीकरण एवं दिव्यांगजनों के लिए सहायक उपकरण की योजनाएं शामिल हैं। पर्यावरण, पर्यटन, खेल और युवा सशक्तीकरण पर भी जोर दिया गया।

उपायुक्त ने योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।

बैठक में सांसद कालीचरण सिंह, सिमरिया विधायक उज्ज्वल कुमार दास, चतरा विधायक जनार्दन पासवान, बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, एसपी अनिमेष नैथानी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी