महापौर के नेतृत्व में विशेष सफाई अभियान में तालाब की हुई सफाई
देवघर, 13 अगस्त (हि.स.)। श्रावणी मेला के बीच बाबा नगरी को स्वच्छ नकएर सुंदर बनाए रखने को लेकर जिला प्रशासन और नगर निगम की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में देवघर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-7 स्थित मंगल तालाब में महापौर रवि राउत के नेतृत्व में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान तालाब और उसके आसपास के परिसर को गंदगी से मुक्त कराया गया।
श्रावणी मेला के दौरान देवघर में लाखों श्रद्धालुओं का आगमन हो रहा है। ऐसे में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर नगर निगम के सामने बड़ी जिम्मेदारी है। मंदिर के आसपास जलजमाव, गंदगी और सफाईकर्मियों की संख्या को लेकर समय-समय पर सवाल भी उठते रहे हैं। इसी को देखते हुए नगर निगम द्वारा सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के दौरान महापौर रवि राउत के साथ नगर आयुक्त, अपर नगर आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त, स्थानीय पार्षद सहित नगर निगम के पदाधिकारी और कर्मियों ने श्रमदान किया। इस दौरान मंगल तालाब और आसपास के क्षेत्र में जमा कचरे और गंदगी को हटाया गया।
मौके पर महापौर रवि राउत ने कहा कि जलस्रोतों को स्वच्छ रखना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नगर निगम के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और सफाई मित्रों ने एकजुट होकर जिस तरह श्रमदान किया है, उससे यह संदेश जाता है कि सामूहिक प्रयास से देवघर का हर कोना स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल एक दिन सफाई करना नहीं है, बल्कि लोगों को अपने आसपास के जलस्रोतों, पर्यावरण और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना भी है। शहर को स्वच्छ रखने के लिए नागरिकों की भागीदारी बेहद जरूरी है।
महापौर ने देवघरवासियों से अपील करते हुए कहा कि नगर निगम के स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। अपने आसपास गंदगी न फैलाएं, जलस्रोतों को प्रदूषित होने से बचाएं और प्लास्टिक के उपयोग को कम करते हुए स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त देवघर बनाने में सहयोग करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy