रांची में 10-11 अप्रैल को हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के लिए विशेष जांच शिविर, मुफ्त सर्जरी की सुविधा
रांची, 01 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड की ओर से जन्मजात हृदय रोग से ग्रसित बच्चों के बेहतर इलाज के लिए 10 और 11 अप्रैल को सदर अस्पताल रांची में दो दिवसीय विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा।
अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने बुधवार को बताया कि यह शिविर राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम और अमृता हॉस्पिटल, कोच्चि के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा बच्चों की हृदय संबंधी जांच और ईको टेस्ट किया जाएगा।
जांच के दौरान जिन बच्चों में सर्जरी की आवश्यकता पाई जाएगी, उनका निःशुल्क ऑपरेशन कोच्चि के अमृता हॉस्पिटल में कराया जाएगा, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए राज्य स्तर पर समन्वयक के रूप में मुकेश कुमार और अमृता हॉस्पिटल के प्रतिनिधि आदित्य कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी जिलों के सिविल सर्जनों को निर्देश दिया गया है कि चिन्हित बच्चों की सूची शीघ्र राज्य मुख्यालय को भेजें और ग्रामीण क्षेत्रों में इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें।
आईईसी कोषांग के राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ. राहुल किशोर सिंह ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की जांच के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या सदर अस्पताल में संपर्क करें, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चे इस निःशुल्क सुविधा का लाभ उठा सकें।----------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar