सादगी से मनाया जाएगा झारखंड विधानसभा का स्थापना दिवस, सम्मान समारोह पूर्ववत होगा

 


- विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने अधिकारियों के साथ की तैयारियों की समीक्षा- 22 नवंबर को विधानसभा के सेंट्रल हॉल में आयोजित होंगे सभी कार्यक्रम

रांची, 28 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड विधानसभा का स्थापना दिवस समारोह इस वर्ष 22 नवंबर को सादगीपूर्ण तरीके से मनाया जाएगा। हालांकि, इस अवसर पर आयोजित होने वाला सम्मान समारोह पूर्ववत होगा। स्थापना दिवस से जुड़े सभी कार्यक्रम विधानसभा के सेंट्रल हॉल में आयोजित किए जाएंगे। यह निर्णय बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया।

विधानसभा अध्यक्ष ने अपने कार्यालय कक्ष में अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान कार्यक्रमों की रूपरेखा, आयोजन की व्यवस्था और अन्य आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में हाल के दिनों में झारखंड के राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के निधन और शोक की स्थिति को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष स्थापना दिवस समारोह सादगी से मनाने पर सहमति बनी। साथ ही 25 और 26 नवंबर को प्रस्तावित विधानसभा के विशेष सत्र के मद्देनजर समारोह के स्वरूप और कार्यक्रमों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि स्थापना दिवस के अवसर पर सम्मान समारोह पूर्व की भांति आयोजित किया जाएगा। सम्मान समारोह सहित अन्य सभी कार्यक्रम विधानसभा के सेंट्रल हॉल में ही संपन्न होंगे।

इस अवसर पर विधानसभा के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार, एस. वजीह बंटी, कुन्दन कुमार सिंह, गुरूचरण सिंकु, संजीत कुमार, अनुप लाल, किरण सुमन बाखला, रवि शंकर प्रसाद, विष्णु पासवान और राव दिपेन्द्र कुमार यादव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे