पतरातू इंस्पेक्टर ऑफिस पहुंचे एसपी, निरीक्षण के साथ किया पौधारोपण
रामगढ़, 22 जुलाई (हि.स.)। एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने बुधवार को पतरातू इंस्पेक्टर ऑफिस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय के दस्तावेजों की जांच की। साथ ही सभी अभिलेखों को संधारित करने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कांडों के अनुसंधान के दौरान दिए गए निर्देशों का भी अवलोकन किया। साथ ही अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान को लेकर तैयार की गई सूची पर भी चर्चा की।
एसपी ने कहा कि पतरातू क्षेत्र में संगठित अपराध और उनसे जुड़े गुर्गे बड़ी संख्या में सक्रिय रहते हैं। कई लोग गिरफ्तार हो चुके हैं, लेकिन कुछ लोग स्लीपर सेल की तरह काम करते हैं। उन सभी लोगों पर नजर रखने और उनके खिलाफ अभियान चलाने का निर्देश दिया।
निरीक्षण करने के बाद इंस्पेक्टर ऑफिस के बाहर एसपी ने पौधारोपण भी किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को लेकर लगातार अभियान चलना चाहिए। पतरातु थाना परिसर में पौधे लगाने की जगह काफी है। साथ ही इस क्षेत्र में विकसित हो रहे उद्योगाें को देखते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए पाैधारोपण पर भी ध्यान देना जरूरी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश