मासिक अपराध गोष्ठी में एसपी ने पांच वर्षों से लंबित मामलों के निष्पादन का दिया निर्देश

 


देवघर, 16 जुलाई (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई।

गोष्ठी के दौरान एसपी ने जिले की विधि-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया। उन्होंने अड्डेबाजी पर रोक, मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई, वाहन चोरी सहित अन्य चोरी की घटनाओं के उद्भेदन, डकैती, लापता व्यक्तियों की खोज, एससी/एसटी अधिनियम के लंबित मामलों के निष्पादन, महिला और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामलों के त्वरित निपटारे, डायल-112 सेवा की प्रभावशीलता, कम्युनिटी पुलिसिंग एवं सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम पर विशेष जोर दिया।

बैठक में समन तामिला की समीक्षा करते हुए पिछले पांच वर्षों से लंबित मामलों का जल्द निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए सभी थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिया गया।

साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष टीम गठित कर नियमित छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। साथ ही चरित्र सत्यापन और पासपोर्ट सत्यापन की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी करने पर भी बल दिया गया।

यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से हेलमेट जांच अभियान और ड्रिंक एंड ड्राइव जांच को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिया गया। इसके अलावा आगामी राजकीय श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों और सफल संचालन को लेकर सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश और जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy