पुत्र ने पिता की कर दी हत्या, आरोपित फरार

 


लातेहार, 21 मई (हि.स.)। जिले के मनिका थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंजो गांव निवासी पवन सिंह ने बुधवार की देर रात अपने पिता राजकुमार सिंह (65) की हत्या कुदाल से मारकर कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित घर से फरार हो गया। मामले की सूचना मिलने के बाद गुरुवार को थाना प्रभारी प्रभात दास के नेतृत्व में पुलिस की मृतक के घर पहुंची और जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की छानबीन आरंभ कर दी है, वहीं आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, शिंजो पंचायत निवासी राजकुमार सिंह ने बुधवार रात अपने पुत्र चंदन सिंह को किसी बात पर हल्की डांट-फटकार लगाई थी। इसी बात से नाराज होकर चंदन सिंह ने घर में रखे कुदाल से अपने पिता के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित घर से फरार हो गया। वहीं परिजनों के अनुसार, आरोपित चंदन सिंह मानसिक रूप से बीमार था और हाल ही में उसका इलाज रांची से कराकर घर लाया गया था।बताया गया कि वह छोटी-छोटी बातों पर भी उग्र हो जाता था। संभावना जताई जा रही है कि मानसिक स्थिति खराब रहने के कारण ही युवक ने घटना को अंजाम दिया होगा।

इधर इस संबंध में थाना प्रभारी प्रभात दास ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार