प्रतापनगर का बदला नाम, विरोध में सनातन समाज लामबंद

 


रामगढ़, 01 अक्टूबर (हि.स.)। रामगढ़ शहर में प्रतापनगर का नाम परिवर्तित कर ‘सर सैयद कॉलोनी’ किए जाने का जोरदार विरोध शुरू हो गया है। गुरुवार को सनातन समाज के लोगों ने एकजुट होकर रामगढ़ अंचल अधिकारी (सीओ) रमेश रविदास को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि सांसद मनीष जायसवाल एवं विधायक ममता देवी की ओर से संयुक्त रूप से नाम परिवर्तन से संबंधित शिलापट्ट का शिलान्यास किया गया। स्थानीय रैयत जमुना महतो ने भी रामगढ़ अंचल अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपकर इस मामले में कार्रवाई की मांग की है। रैयत की शिकायत के बाद इस मुद्दे पर सामाजिक संगठनों ने कड़ा विरोध जताया है। हिन्दू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष सत्यजीत चौधरी, रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष दीपक मिश्रा और रामनवमी महासमिति रामगढ़ के अध्यक्ष राजेश राम ठाकुर ने संयुक्त रूप से बयान जारी करते हुए नाम परिवर्तन पर गंभीर आपत्ति जताई है।

तीनों नेताओं ने संयुक्त बयान में कहा कि प्रतापनगर का नाम बदलकर सर सैयद कॉलोनी किए जाने का प्रयास स्थानीय लोगों की भावनाओं और क्षेत्र की पहचान से जुड़ा गंभीर विषय है। यदि शिलापट्ट पर नाम को संशोधित नहीं किया गया, तो समस्त सनातन समाज सड़क पर उतरकर इसका विरोध करेगा।

रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष दीपक मिश्रा ने कहा कि स्थानीय लोगों की आपत्तियों और रैयत की लिखित शिकायत को नजरअंदाज करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को विवादित नामकरण और शिलापट्ट के संबंध में तत्काल स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। जनप्रतिनिधियों को भी इस पर ध्यान देना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश