सामाजिक एकता की मिसाल बनेगा दशमाइल का सरहुल महोत्सव : बांडो
रांची, 08 मार्च (हि.स.)। दशमाइल में 21 मार्च को सरहुल महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा, जबकि 24 मार्च को सरहुल मिलन समारोह के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
इसे लेकर रविवार को दशमाइल स्थित जतरा टांड़ में सरहुल मिलन समारोह आयोजन समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता कार्यक्रम के आयोजक रामपाहन बांडो ने की। इस अवसर पर रामपाहन बांडो ने कहा कि सामाजिक एकता की मिशाल पेश करते हुए इस वर्ष सरहुल पर्व को और भी भव्य रूप से मनाया जाएगा। इस सरहुल मिलन समारोह की खास बात यह होगी कि हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सहित सभी समुदाय के लोग एकसाथ मिलकर इस पर्व के साक्षी बनेंगे और उत्सव में भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि सरहुल पर्व को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
सरहुल महोत्सव के दौरान दूर-दराज से हजारों की संख्या में लोग ढोल-नगाड़े और मांदर की थाप पर नाचते-गाते हुए समारोह में शामिल होंगे। यह पर्व आदिवासी-मूलवासी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है।
बैठक के बाद दशमाइल के चुकरू में क्रिकेट टूर्नामेंट की शुरुआत की गई, जिसका उद्घाटन रामपाहन बांडो ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
बैठक में पंचायत समिति सदस्य कल्याण लिंडा, मुखिया जीता कच्छप, सामाजिक कार्यकर्ता पीरुआ कच्छप, छोटू तिर्की, 22 पाड़हा समिति के अध्यक्ष प्रदीप तिर्की, त्रिभुवन सिंह, सज्जाद आलम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar