लाखों का डोडा और तैयार अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार
रांची, 31 मार्च (हि.स.)। रांची पुलिस ने नशे के तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नामकुम इलाके से 85 लाख रुपये का डोडा, 3.50 लाख के अफीम के साथ ढाई लाख रुपये नकद बरामद करने में सफलता हासिल की हैं। इस कार्रवाई में एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है।
ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने मंगलवार को बताया कि एसएसपी राकेश रंजन को मिली सूचना के आधार पर नशे के तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। डोडा और अफीम की तस्करी करने वाले एक संगठित गिरोह के सदस्य मनीष तिर्की को रांची के नामकुम इलाके से गिरफ्तार किया गया है।
ग्रामीण एसपी ने बताया कि सूचना प्राप्त हुई कि नामकुम थानान्तर्गत ग्राम-बुदरी में एक गिरोह के द्वारा अफीम एवं डोडा की तस्करी की जा रही है तथा उनके पास अवैध अफीम एवं डोडा छुपा कर रखा हुआ है।
इसके सत्यापन के बाद की गई छापामारी के क्रम में नामकुम थाना क्षेत्र के ग्राम-बुदरी स्थित मनीष तिर्की के पक्का-कच्चा मकान से विभिन्न रंग के प्लास्टिक के बोरा में भरा हुआ डोडा कुल- 31 बोरा एवं मकान परिसर में खड़ी सफेद रंग के गाड़ी ( जेएच05 एएस1583) से प्लास्टिक के बोरा में डोडा कुल चार प्लास्टिक बोरा में डोडा भरा हुआ बरामद किया गया, जिसका कुल वजन- 566.5 किलो पाया गया।
तलाशी के क्रम में मनीष तिर्की के घर के अंदर रखे अलमीरा के दराज से प्लास्टिक में पैक किया हुआ 700 ग्राम तैयार अफीम, अफीम तौलने के लिए डिजिटल मशीन, नकद रकम- 2,28,000 रुपये, बैंक पासबुक एवं फोन बरामद किया गया। बरामद डोडा, अफीम एवं नकद रुपये के संबंध वैध कागजात की मांग करने पर मनीष तिर्की ने कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया। इसके बाद बरामद नशे की खेप को विधिवत जब्त किया गया, साथ ही पकड़ाये व्यक्ति ने अपना नाम-पता मनीष तिर्की को विधिवत गिरफ्तार किया गया।
ग्रामीण एसपी ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ में पता चला कि उसके द्वारा अत्यधिक मुनाफा कमाने की उद्देश्य से अवैध डोडा एवं अफीम के कारोबार के लिए एक सिंडिकेट बनाया गया है, जो मादक पदार्थ का अवैध कारोबार कर रहा है। इस सिंडिकेट में रांची जिला के अलावा खूंटी एवं हजारीबाग जिले के भी सदस्य शामिल है।
इस गिरोह के द्वारा अवैध व्यापार के संचालन में नकद लेन-देन के अलावे डिजिटल भुगतान-लेन-देन भी किया जाता है। गिरोह के जरिये अवैध डोडा एवं अफीम की खरीद स्थानीय स्तर पर की जाती है तथा अन्य जिलों में इसकी सप्लाई सिंडिकेट के माध्यम से की जाती है।
इस गिरोह के पास कई चारपाहिया वाहन है, जिन्हें अवैध कारोबार के लिए प्रयोग में लाया जाता है। इस गिरोह में शामिल अन्य सक्रिय सदस्यों को चिन्हित कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
एसपी ने बताया कि इस छापेमारी में जब्त डोडा का अनुमानित मूल्य 84,97,500 और जब्त अफीम का अनुमानित मूल्य 3,50,000 रुपये आंका गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे