श्रावणी मेला के छठे दिन डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलार्पण

 


देवघर, 04 अगस्त (हि.स.)। राजकीय श्रावणी मेला के छठे दिन मंगलवार को बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड

रही। प्रातः 4.08 बजे मंदिर का पट खुलते ही जलार्पण शुरू हो गया। पूरे दिन बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से कांवरिया पथ और मंदिर परिसर गुंजायमान रहा। श्रद्धालु कतारबद्ध होकर बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलार्पण के लिए आगे बढ़ते रहे।

सोमवारी की तुलना में मंगलवार को भीड़ अपेक्षाकृत कम रही, लेकिन इसके बावजूद कांवरिया पथ और मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से भरा रहा। मंगलवार को भी लगभग डेढ़ लाख श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण किया।

मौसम में हल्की ठंडक रहने से कांवरियों में उत्साह और ताजगी देखने को मिली। कांवरिया पथ पर विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं की ओर से संचालित सेवा शिविरों और जिला प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का श्रद्धालुओं ने भरपूर लाभ उठाया। अधिकांश श्रद्धालु प्रशासन की व्यवस्थाओं से संतुष्ट नजर आए।

श्रावणी मेला की व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर स्वयं कर रहे हैं। दोनों अधिकारी पल-पल की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि बाबा नगरी पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

मंदिर परिसर में लगाए गए बाह्य अर्घा से जलार्पण व्यवस्था और अधिक सुगम हुई है। विशेष रूप से दिव्यांग और बुजुर्ग श्रद्धालुओं को इससे काफी सुविधा मिल रही है। वहीं सुरक्षा व्यवस्था में तैनात अधिकारी और पुलिसकर्मी भी श्रद्धालुओं की सहायता करते हुए अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे हैं।

जिला प्रशासन का लक्ष्य सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम जलार्पण कराना है, जिसके लिए मेला क्षेत्र में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं लगातार संचालित की जा रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy