सेवानिवृत्ति के दिन छह शिक्षकों को मिले सभी रिटायरमेंट बेनिफिट

 


रांची, 30 सितंबर (हि.स.)। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभागार में पेंशन दरबार सह सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

इस दौरान सेवानिवृत्त होने वाले छह शिक्षकों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई और सेवानिवृत्ति के दिन ही सभी रिटायरमेंट बेनिफिट प्रदान किए गए।

इस अवसर पर उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने शिक्षकों के सेवाकाल और योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक बच्चों की शिक्षा के साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण और बेहतर समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त शिक्षकों को स्वस्थ एवं सुखद जीवन की शुभकामनाएं दीं।

समारोह में राजकीय मध्य विद्यालय बुढ़मू के प्रधानाध्यापक प्रदीप भगत, उत्क्रमित उच्च विद्यालय उरुगुट्टू, कांके के सहायक शिक्षक पोखराज प्रसाद सिन्हा, राजकीय मध्य विद्यालय बीआईटी मेसरा, कांके की सहायक शिक्षिका पैशेंस तिर्की, राजकीय मध्य विद्यालय सिमलिया, रातू की सहायक शिक्षिका गीता कुमारी, राजकीय मध्य विद्यालय हेहल, रातू की सहायक शिक्षिका संगीता रानी और राजकीय मध्य विद्यालय हिन्दू यूनाइटेड, रांची-2 की सहायक शिक्षिका नूर बाखला को सम्मानित किया गया।

जिला प्रशासन के अनुसार, उपायुक्त के निर्देश पर जनवरी 2025 से सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के दिन ही सभी देय लाभ उपलब्ध कराने की व्यवस्था लागू है। यह पेंशन दरबार-सह-सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह का 21वां संस्करण था।

समारोह में जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज सहित शिक्षा विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar