गांजा के साथ छह तस्कर गिरफ्तार
देवघर, 16 मई (हि.स.)। नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत देवघर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर जसीडीह थाना एवं कुंडा थाना क्षेत्र में की गई छापेमारी में 20.760 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
इस कार्रवाई में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने जसीडीह थाना अंतर्गत जसीडीह रेलवे स्टेशन के पीछे स्थित चटर्जी बगान तथा कुंडा थाना क्षेत्र के नैयाडीह मैदान स्थित झाड़ी-जंगल में औचक छापेमारी की।
मौके से कुल 20.760 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। इस संबंध में जसीडीह थाना (कांड संख्या 172/2026) के तहत एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में विकास कुमार मंडल (लखीसराय, बिहार), राजेश यादव (जमुई, बिहार), रामदेव महथा (बलसरा पुनसिया, रिखिया, देवघर), दिनेश साह (जमुई, बिहार), परशुराम मंडल (चितोलोड़िया, कुंडा) तथा योगेंद्र मंडल (तेलियाडीह, सारवां, देवघर) शामिल हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 11 पैकेट गांजा, 28,500 रुपये नकद, भारतीय रेल का पहचान पत्र, कई मोबाइल फोन तथा एक यामाहा मोटरसाइकिल जब्त किया।
मोटरसाइकिल की सीट के नीचे से अतिरिक्त 172 ग्राम गांजा भी बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपिताें में रामदेव महथा और दिनेश साह का आपराधिक इतिहास भी रहा है। इस कार्रवाई के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था। मामले की जानकारी एसपी प्रवीण पुष्कर ने प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने कहा कि जिले में नशा कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy