रामनवमी जुलूस के दौरान करंट लगने से छह घायल

 






बोकारो, 27 मार्च (हि.स.)। पेटरवार थाना क्षेत्र अंतर्गत खेतको पंचायत में रामनवमी जुलूस की तैयारी के दौरान बिजली करंट की चपेट में आने से छह युवक घायल हो गए। जानकारी के अनुसार जुलूस के दौरान झंडा खड़ा करते समय पास से गुजर रहे लगभग 33 हजार वोल्ट के हाई टेंशन बिजली तार की चपेट में आने से यह हादसा हुआ।

घटना में घायल सभी युवकों को प्राथमिक उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां इलाज चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर सक्रिय हो गए।

मामले की जानकारी मिलते ही बेरमो एसडीएम मुकेश मछुआ, बेरमो एसडीपीओ तेनुघाट वशिष्ठ नारायण सिंह एवं पेटरवार प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार महतो जनता अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। अस्पताल में इलाज कर रहे चिकित्सकों ने बताया कि सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर है और घबराने वाली कोई बात नहीं है। सभी घायल बातचीत करने की स्थिति में हैं।

घटना की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार