अवैध शराब के छह अड्डे ध्वस्त
सरायकेला, 18 अप्रैल (हि.स.)। सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण के खिलाफ उत्पाद विभाग ने शनिवार को सख्त कार्रवाई करते हुए छापामारी अभियान चलाया।
यह अभियान उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर तथा उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में संचालित किया गया। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को ध्यान में रखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है, जिसके तहत यह कार्रवाई की गई।
छापेमारी के दौरान नीमडीह थाना क्षेत्र के जुगीलोंग गांव में चल रहे अवैध शराब निर्माण के छह अड्डों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। मौके से लगभग 1500 किलोग्राम जावा महुआ और 80 लीटर तैयार महुआ शराब बरामद की गई। जब्त किए गए सभी अवैध उत्पादों को विधिवत कब्जे में लेकर नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबार में संलिप्त अड्डा संचालकों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ऐसे अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी और आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे