रामनवमी के जुलूस पर 06 ड्रोन कैमरों से निगरानी, वीडियोग्राफर होंगे तैनात

 


रामगढ़, 20 मार्च (हि.स.)। शहर में निकलने वाले भव्य मंगल जुलूस और रामनवमी के जुलूस पर कैमरे की नजर होगी। इन दोनों जुलूस पर छह ड्रोन कैमरा और 06 वीडियोग्राफर की निगाह रहेगी। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर लाइट की व्यवस्था भी जिला प्रशासन की ओर से की जाएगी। थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने एसडीओ अनुराग कुमार तिवारी को इस संबंध में एक पत्र भी लिखा है।

रामगढ़ थाना प्रभारी ने एसडीओ को बताया कि 24 मार्च को रामगढ़ में भव्य मंगल जुलूस और झांकी निकलेगी। इसमें काफी संख्या में लोग इकट्ठा होंगे। इसमें निगरानी के लिए ड्रोन कैमरा और वीडियोग्राफर कैमरा, ऑपरेटर के साथ बेहद जरूरी है। 26 और 27 मार्च को रामगढ़ थाना क्षेत्र में रामनवमी का त्योहार धूमधाम से बनेगा। इस अवसर पर विभिन्न अखाड़ों, पूजा समितियों, कमेटियों की ओर से अस्थाई और स्थाई जुलुस, झांकी का आयोजन किया जाएगा। इस जुलूस और झांकी में भी बड़ी संख्या में लोग जुटेंगे।

थाना प्रभारी ने बताया कि 26 और 27 मार्च को दुसाध मुहल्ला, सौदागर मुहल्ला, कोयरी टोला, लोहार टोला की ओर से रात्रि में रामनवमी का जुलूस और झांकी निकाली जाएगी। शहर के चट्टी बाजार में भारी भीड़ जमा होगी। इस स्थान पर सभी अखाड़े के लोग अपनी झांकी का प्रदर्शन करेंगे। लोहार टोला की ओर से पूर्व की तरह अपने जुलूस को सौदागर मोहल्ला चैती दुर्गा मंदिर तक ले जाया जाएगा। पुनः उसी रास्ते से चट्टी बाजार जुलूस पहुंचेगा।

वहीं थाना प्रभारी ने जुलूस और भीड़भाड़ लगने वाले स्थान को चिन्हित किया है। राजस्थान स्वीट्स से सौदागर मुहल्ला कोयरी टोला तक, एमएमटी ग्राउंड से चट्टी बाजार तक, पुरनी मंडप, गोलपार, दुसाध मुहल्ला, नई सराय, रांची रोड़, मरार, कुंदरुकला, मनुवा फुलसराय, अरगड्डा सिरका, पूरनी मंडप मस्जिद के पास, सौदागर मुहल्ला मस्जिद के पास और गोलपार मस्जिद के पास ड्रोन कैमरा, वीडियोग्राफर और लाइट की व्यवस्था करने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश