मेले में सीता सोरेन ने खुद बनाई जलेबी, लोगों के साथ बैठकर लिया स्वाद
दुमका, 30 जून (हि.स.)। हूल दिवस के अवसर पर जामा विधानसभा क्षेत्र के लकड़जोड़िया में आयोजित मेले में उस समय अलग ही नजारा देखने को मिला। जब पूर्व विधायक सीता सोरेन आम लोगों के बीच पूरी तरह घुल-मिल गईं। सबसे पहले उन्होंने वीर सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर हूल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद उनका कारवां सीधे फुटबॉल मैदान में लगे मेले की ओर बढ़ा। मेले में पहुंचते ही सीता सोरेन ने दुकानों का भ्रमण किया। लोगों से मुलाकात कर हालचाल जाना। इस दौरान उनका एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। वह जलेबी की दुकान पर पहुंचीं, कढ़ाई के सामने खड़ी होकर अपने हाथों से जलेबी बनाई और फिर वहीं मौजूद लोगों के साथ बैठकर गर्मागर्म जलेबी का स्वाद ली।
यह दृश्य मेले में आए लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गया। इस अवसर पर सीता सोरेन ने कहा कि यह मेला उनके दिवंगत पति दुर्गा सोरेन की पहल पर शुरू हुआ था। वर्षों बाद भी इस परंपरा को उसी उत्साह के साथ जीवित देखकर उन्हें गर्व और खुशी महसूस हो रही है। उन्होंने कहा कि जनता का स्नेह और अपनापन उनके लिए सबसे बड़ा आशीर्वाद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार