एसआईआर कोरोना से भी बड़ी महामारीः बसंत सोरेन

 


दुमका, 27 जून (हि.स.)। वर्तमान में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान पर झारखंड मुक्ति माेर्चा (झामुमो ) विधायक बसंत सोरेन ने प्रतिक्रिया देते हुए एसआईआर को कोरोना से भी बड़ी महामारी बताया। उन्होंने कहा कि एसआईआर कोरोना से भी बड़ी महामारी बन गया है।

उन्होंने लोगों से पूरी सतर्कता बरतने और मतदाता सूची में उनका नाम किसी भी स्थिति में नहीं छूटे, यह सुनिश्चित करने का अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता अपने दस्तावेजों की जांच कर समय पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें, ताकि भविष्य में मतदान के अधिकार से कोई वंचित नहीं रहे।

उक्त बातें विधायक बसंत सोरेन ने शनिवार को मसलिया प्रखंड के विभिन्न गांवों में कई विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास कर क्षेत्रवासियों को विकास की सौगात देते हुए कहा।

इस दौरान उन्होंने सड़क सहित अन्य जनहित की योजनाओं का शुभारंभ करते हुए कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है और जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। कार्यक्रमों के बाद विधायक प्रखंड मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली और अन्य स्थानीय समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार