सिल्ली अंचल का अमीन 50 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

 


रांची, 01 अक्टूबर (हि.स.)। रांची के सिल्ली अंचल कार्यालय में तैनात अमीन विनोद लोहरा को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

एसीबी मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, अमीन विनोद लोहरा सिल्ली के बड़ा मुरी निवासी विद्या कोइरी की जमीन की मापी कराने के बदले दो लाख रुपये नकद और चार डिसमिल जमीन रिश्वत के तौर पर मांग रहा था। पीड़ित काफी समय से अपनी जमीन की मापी के लिए अंचल कार्यालय का चक्कर लगा रहा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात अमीन विनोद लोहरा से हुई। आरोप है कि अमीन ने जमीन की मापी कराने के लिए उससे बड़ी रकम की मांग की। अमीन ने कहा कि काम कराने के लिए उसे दो लाख रुपये नकद देने होंगे। इसके साथ ही चार डिसमिल जमीन भी देनी होगी।

अमीन की मांग से परेशान होकर पीड़ित ने रिश्वत देने के बजाय एसीबी से शिकायत करने का फैसला किया। उसने रांची स्थित एसीबी के कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की जांच शुरू की। जांच में रिश्वत मांगने की बात सामने आने के बाद टीम ने अमीन को पकड़ने के लिए प्लान बनाया।

गुरुवार को पीड़ित 50 हजार रुपये की पहली किश्त लेकर अमीन के पास पहुंचा। जैसे ही विनोद लोहरा ने रुपये लिए, पहले से मौके पर मौजूद एसीबी की टीम ने उसे पकड़ लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से सिल्ली अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया। एसीबी की टीम आरोपी अमीन को गिरफ्तार कर अपने साथ रांची ले गई। जहां उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे