मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिले श्री कृष्ण जन्मोत्सव आयोजन समिति के सदस्य, समारोह में किया आमंत्रित

 


रांची, 29 अगस्त (हि.स.)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शनिवार को रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में श्री कृष्ण जन्मोत्सव आयोजन समिति, मोरहाबादी के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।

समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को बताया कि तीन सितंबर 2026 को बाल गोपाल कार्यक्रम और चार सितंबर 2026 को मोरहाबादी मैदान में दही हांडी फोड़ प्रतियोगिता, भजन संध्या एवं रासलीला समारोह का आयोजन किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से इन कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आग्रह किया।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी बाल गोपाल एवं दही हांडी फोड़ प्रतियोगिता समेत विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर समिति की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।

मुलाकात के दौरान समिति के मुख्य संरक्षक राजीव रंजन प्रसाद, अध्यक्ष विनोद गोप, संरक्षक डॉ. राजेश गुप्ता एवं डॉ. कुमार राजा, सचिव रोहित सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष राहुल किट्टू सिंह, महासचिव मनोज गुप्ता और संयुक्त सचिव नरेंद्र सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे