डीडीसी ने फाइलेरिया की दवा वितरण नहीं करने वालों को किया शो-कॉज
रांची, 28 फ़रवरी (हि.स.)। फाइलेरिया उन्मूलन के लिए मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन-2026 की दूसरी समीक्षा बैठक शनिवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर उप विकास आयुक्त कार्यालय में आयोजित हुई।
बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सौरभ कुमार भुवानिया ने की। इस अवसर पर उन्होंने फाइलेरिया रोधी दवा का शत-प्रतिशत लक्षित आबादी को उपलब्ध करने का निर्देश दिया। उन्होंने समय पर दवा वितरण नहीं करने वाले दवा प्रशासकों को शो-कॉज नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। वहीं डीडीसी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कांके के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी, कांके को 15 मार्च तक छूटे हुए लोगों को दवा खिलाने की बात कही। उन्होंने स्कूलों में अनुपस्थित छात्रों और पर्व के दौरान बाहर से आने वाले लोगों को घर-घर जाकर दवा देने का निर्देश दिया।
बैठक में बताया गया कि कांके में 84 प्रतिशत, सोनाहातु में 90 प्रतिशत और तमाड़ में 93 प्रतिशत लोगों में दवा उपलब्ध कराया गया है। कुल मिलाकर 88 प्रतिशत लोगों ने फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन किया है। प्रशासन ने नागरिकों से दवा सेवन कर फाइलेरिया मुक्त जिला बनाने की अपील की है।
बैठक में सिविल सर्जन सदर रांची डॉ प्रभात कुमार, बीडीओ कांके विजय कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सोनाहातु सहित अन्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar