छठ घाट की सफाई में थाना प्रभारी ने ग्रामीणों के साथ किया श्रमदान, स्वच्छता का दिया संदेश
देवघर, 13 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिले के विभिन्न छठ घाटों पर साफ-सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मोहनपुर थाना प्रभारी संदीप कृष्ण ने शुक्रवार को अपने सहकर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों के साथ छठ घाट की साफ-सफाई की। इस दौरान थाना प्रभारी सहित पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से श्रमदान कर घाट परिसर को स्वच्छ बनाने में योगदान दिया।
सफाई अभियान के दौरान थाना प्रभारी संदीप कृष्ण ने स्वच्छता के महत्व पर जोर देते हुए सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहारों की तैयारियां केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं हैं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की इसमें सामूहिक भागीदारी होनी चाहिए।
पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों के आपसी सहयोग से घाट परिसर की सफाई की गई। छठ महापर्व को लेकर पुलिस प्रशासन की इस सकारात्मक पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि पुलिस प्रशासन की ऐसी सहभागिता से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और लोगों को भी अपने आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की प्रेरणा मिलती है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy