शिवराज और आरिज़ का रहा है आपराधिक इतिहास

 




रामगढ़, 06 जुलाई (हि.स.)।

संगठित आपराधिक गिरोह के साए में पले-बढ़े शिवराज राम उर्फ शिवा डोम और आरिज़ आलम उर्फ टिंकल का आपराधिक इतिहास रहा है। वे दोनों पिछले 9 वर्षों से अपराध की दुनिया में शामिल रहे हैं। हथियार के साथ उनका नाता पुराना है। उन दोनों के पास से पुलिस ने चार हथियार, 82 जिंदा कारतूस, 8 मैगजीन, एक पिस्तौल का होलेस्टर और तीन मोबाइल बरामद किए हैं।

सोमवार की शाम रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उन दोनों के क्रिमिनल हिस्ट्री से पर्दा उठाया।

पतरातू, बड़कागांव और लोहसिंघना थाना क्षेत्र में लहरा चुका है हथियार

एसपी ने बताया कि भुरकुंडा ओपी क्षेत्र के सयाल का रहने वाला शिवराज राम उर्फ शिवा डोम ने पतरातू, बड़कागांव और लोहसिंघना थाना क्षेत्र में कई वारदातों को पहले ही अंजाम दिया है। सभी स्थानों पर आर्म्स एक्ट के तहत ही मामले दर्ज हुए हैं। राहुल दुबे गिरोह, श्रीवास्तव गिरोह के लिए काम कर चुका शिवराज राम अब गैंगस्टर प्रिंस खान के इशारे पर बड़ी वारदात को अंजाम देने वाला था।

आरिज़ का नक्सली संगठन से भी रहा है संबंध

शिवराज के साथ मांडू थाना क्षेत्र के बलसगरा, हुवाग गांव निवासी आरिज़ आलम उर्फ टिंकल कुजू ओपी क्षेत्र के तोपा, बी-टाइप क्वार्टर में रहकर साजिश रच रहा था। शिवराज के द्वारा दिए गए हथियार उसने मुर्गी फार्म में छुपा कर रखे थे। जब पुलिस ने उसके द्वारा छुपाए हुए दो देशी पिस्तौल, चार मैगजीन और 21 जिंदा कारतूस बरामद किए तो आरिज़ आलम उर्फ टिंकल के चेहरे से भी पर्दा उठ गया। उसने वर्ष 2017 में कुजू और 2024 में भुरकुंडा ओपी क्षेत्र में हथियार चमकाया था। वह नक्सली संगठन के साथ भी ताल्लुकात रख चुका है। 16 साल की उम्र में ही आरिज़ ने हथियार उठा लिया था। महज 26 वर्ष की उम्र में उसने अपराध की दुनिया में एक बेहतर मुकाम भी हासिल कर लिया था। लेकिन पुलिस ने उन दोनों की साजिश को विफल कर दिया।

कहां चलने वाली थी 82 गोलियां, पुलिस लगा रही पता

एसपी ने बताया कि अभी उन दोनों की उस योजना से पर्दा उठाना बाकी है, जिसके लिए बड़ी मात्रा में हथियार और गोलियां मंगाई गई थी। 82 कारतूस किन स्थानों पर चलते और कितने व्यवसायियों को धमकाने में उसका इस्तेमाल होता, उसका पूरा खाका पुलिस तलाश रही है।

पतरातू एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा के नेतृत्व में उन दोनों कांडों में संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश