शिवगंगा छठ पूजा समिति के प्रतिनिधिमंडल ने एसपी से की मुलाकात
देवघर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी छठ पूजा को लेकर शिवगंगा छठ पूजा समिति के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष पन्नालाल मिश्र के नेतृत्व में देवघर एसपी प्रवीण पुष्कर से मुलाकात की। इस दौरान समिति की ओर से छठ महापर्व के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन से आवश्यक सहयोग की मांग की गई।
समिति के अध्यक्ष पन्नालाल मिश्र ने कहा कि शिवगंगा बैद्यनाथधाम की महत्वपूर्ण सांस्कृतिक धरोहर है। छठ महापर्व के दौरान शिवगंगा तट पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु और छठव्रती पहुंचते हैं। इससे क्षेत्र में काफी भीड़ हो जाती है और यातायात व्यवस्था को लेकर भी परेशानी उत्पन्न होती है। समिति के कार्यकर्ता अपनी क्षमता के अनुसार व्यवस्था संभालने का प्रयास करते हैं।
उन्होंने एसपी से आग्रह किया कि पर्व की महत्ता और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए 13 नवंबर से 16 नवंबर 2026 तक पर्याप्त पुलिस बल के साथ महिला पुलिस बल की भी तैनाती की जाए। साथ ही शिवगंगा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने और संपूर्ण विधि-व्यवस्था की जिला प्रशासन की ओर से प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया।
वहीं समिति के महामंत्री रवि कुमार केशरी ने शिवगंगा के चारों ओर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरों से भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी में मदद मिलेगी और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में आवश्यक कार्रवाई में भी सुविधा होगी।
प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष पन्नालाल मिश्र के अलावा महामंत्री रवि कुमार केशरी, कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार केशरी, उपाध्यक्ष बिनोद वर्मा, राकेश कुमार जायसवाल एवं महेंद्र कुमार सहित अन्य सदस्य शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy