एएफआई के एथलेटिक्स मीट मैनेजर कोर्स में रांची के शिव कुमार रमन सफल
रांची, 03 जून (हि.स.)। भारतीय एथलेटिक्स संघ (एएफआई), नई दिल्ली द्वारा आयोजित एथलेटिक्स मीट मैनेजर कोर्स में रांची के एथलेटिक्स तकनीकी पदाधिकारी शिव कुमार रमन ने सफलता प्राप्त कर झारखंड का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि को राज्य में एथलेटिक्स के तकनीकी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
झारखंड एथलेटिक्स संघ की ओर से बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम 16 से 19 अप्रैल तक पंजाब के पटियाला स्थित नेताजी सुभाष राष्ट्रीय खेल संस्थान (एनएसएनआईएस) में आयोजित किया गया था। देश के विभिन्न राज्यों से चयनित 21 प्रतिभागियों ने इस कोर्स में भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं के संचालन से जुड़े तकनीकी और प्रबंधन संबंधी पहलुओं का विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। इसमें कंप्यूटर आधारित एथलीट डाटा एंट्री, हीट, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों के लिए लेन निर्धारण, त्वरित परिणाम प्रकाशन, प्रतियोगिताओं की शेड्यूलिंग तथा अन्य तकनीकी प्रक्रियाओं की जानकारी शामिल थी।
कोर्स के समापन पर आयोजित परीक्षा में शिव कुमार रमन ने उत्तीर्ण होकर अपनी तकनीकी दक्षता और क्षमता का परिचय दिया। उनकी सफलता से झारखंड में एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं के तकनीकी संचालन और आयोजन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की उम्मीद जताई जा रही है।
झारखंड एथलेटिक्स संघ की प्लानिंग कमेटी के अध्यक्ष डॉ. मधुकांत ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशिक्षित तकनीकी अधिकारियों की उपलब्धता से राज्य में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन की गुणवत्ता में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि शिव कुमार रमन की सफलता राज्य के खेल जगत के लिए गर्व का विषय है।
संघ के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रशिक्षण से प्राप्त अनुभव और ज्ञान का लाभ झारखंड के खिलाड़ियों तथा खेल आयोजनों को मिलेगा। इससे एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं के संचालन में पेशेवर दक्षता बढ़ेगी और राज्य में खेल प्रबंधन की व्यवस्था और मजबूत होगी।
शिव कुमार रमन की इस उपलब्धि पर झारखंड एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष सी.डी. सिंह, सचिव एस.के. पांडे, कोषाध्यक्ष आशीष झा सहित अनेक खेल पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। शुभकामना देने वालों में प्रभाकर वर्मा, आलोक मिश्रा, सिकंदर महतो, अजय नायक, बंधन टोप्पो, अजीत कुमार, गिरीश मिश्रा, अनवर हुसैन, रणवीर सिंह, प्रभात रंजन तिवारी, गंगाधर प्रसाद, राकेश सिंह, संजय त्रिपाठी, दशरथ महतो, वरुण कुमार, रविन्द्र मुर्मू, अनुभा खाखा, माधव चंद्र घोष और पुनीत कुमार सहित कई खेल प्रेमियों के नाम शामिल हैं।------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar