अस्ताचलगामी सूर्य को छठव्रतियों ने दिया अर्घ्य, भक्ति गीतों से गुंजे घाट
दुमका, 15 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा के तीसरे दिन रविवार को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक सौहार्द का अद्भुत नजारा देखने को मिला।
कार्तिक शुक्ल षष्ठी के अवसर पर छठव्रतियों ने विभिन्न नदी, तालाब एवं छठ घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। शाम होते ही सिर पर दउरा और हाथों में पूजन सामग्री से सजे सूप लेकर श्रद्धालुओं का हुजूम घाटों की ओर उमड़ पड़ा। छठी मइया के पारंपरिक गीतों, रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से पूरा रामगढ़ क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। खरना के बाद छठव्रतियों ने लगभग 36 घंटे के कठिन निर्जला उपवास का संकल्प लिया। रविवार को दिनभर घरों में छठ पूजा के पारंपरिक प्रसाद तैयार किए गए। शाम के समय व्रती अपने परिवार के सदस्यों के साथ छठ घाटों पर पहुंचे। स्नान के बाद जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। बांस के सूप में सजाए गए फल, ठेकुआ सहित अन्य पारंपरिक प्रसाद के साथ सूर्यदेव की आराधना की गई। परिवार के सदस्यों ने लोटे से जल और दूध की धार अर्पित कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की मंगलकामना की। संध्या अर्घ्य के दौरान विभिन्न छठ घाटों पर पारंपरिक छठ गीतों की गूंज सुनाई देती रही। महिलाएं समूह में छठी मइया के गीत से वातावरण भक्तिमय हो गया। परिवार के सदस्य व्रतियों की पूजा-अर्चना में सहयोग किया। सूर्यास्त के समय जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते छठव्रतियों के दृश्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्य और छठी मइया से परिवार की सुख-शांति, समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और संतान की दीर्घायु की कामना की।
वहीं सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ महापर्व छठ का समापन होगा। इस दौरान सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर शासन - प्रशासन मुस्तैद रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार