एतवा उरांव फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन एक सितंबर से
रांची, 31 अगस्त (हि.स.)। शहीद एतवा उरांव स्मारक न्यास और युवा विकास क्लब, बुढ़ाखुखरा, मांडर के संयुक्त तत्वावधान में पांच दिवसीय शहीद एतवा उरांव फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 का आयोजन एक अगस्त से आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी क्लब की ओर से साेमवार काे जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई।
जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि टूर्नामेंट का उद्घाटन सुबह 11 बजे होगा, जबकि फाइनल मुकाबला पांच सितंबर को खेला जाएगा।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच युवा विकास क्लब महुआजाड़ी और संत जेवियर इंटर कॉलेज मांडर के बीच होगा। टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में खलारी डीएसपी रामनारायण चौधरी उपस्थित रहेंगे।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में 24 टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में उत्साह है। विजेता टीम को 80 हजार रुपये नकद और बड़ी ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 50 हजार रुपये नकद और बड़ी ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा। वहीं तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को भी सम्मानित किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट का उद्देश्य शहीद एतवा उरांव की स्मृति को जीवंत रखने के साथ ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने और फुटबॉल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथि मांडर थाना प्रभारी मनोज करमाली, बंझिला पंचायत की मुखिया सोहंती एक्का, मांडर प्रमुख प्रभु सहाय एक्का, मो साकिब सहित कई अन्य लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar