झारखंड में भीषण गर्मी का कहर : डाल्टनगंज सबसे गर्म, पाकुड़ का मौसम रहा सबसे सुहाना

 


रांची, 20 मई (हि.स.)। राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में पिछले एक सप्ताह से तेज धूप, गर्म हवाओं और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे दिन के समय सड़कों पर आवाजाही कम हो गई है और आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राज्य के पलामू, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। इनमें डाल्टनगंज राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लगातार बढ़ते तापमान और तीखी धूप के कारण लोगों को भारी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

जहां राज्य के अधिकांश जिले भीषण गर्मी से झुलसते रहे, वहीं पाकुड़ जिले का मौसम अपेक्षाकृत सुहाना बना रहा। पिछले 24 घंटों के दौरान यहां अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच केवल चार डिग्री का अंतर दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, पाकुड़ में अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

राज्य में जहां दिन के समय भीषण गर्मी बनी रही, वहीं कुछ इलाकों में रात के तापमान में अपेक्षाकृत गिरावट दर्ज की गई। रांची के नामकुम क्षेत्र में सबसे कम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे रात और सुबह के समय लोगों को कुछ राहत महसूस हुई।

भीषण गर्मी के बीच राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई। पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांधा क्षेत्र में सबसे अधिक 14.4 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा सरायकेला, रामगढ़ और बहरागोड़ा क्षेत्रों में भी हल्की बारिश हुई।

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि स्थानीय स्तर पर बनी मौसमी परिस्थितियों के कारण कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बादल छाए रहने की स्थिति बनी हुई है, हालांकि इससे तापमान में व्यापक गिरावट नहीं आई है।

बुधवार को राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही मौसम साफ रहा और तेज धूप निकलने के कारण लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। दिनभर उमस भरा वातावरण बना रहा, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई।

रांची में अधिकतम आर्द्रता 88 प्रतिशत दर्ज की गई, जिसके कारण तापमान अपेक्षाकृत कम होने के बावजूद गर्मी अधिक महसूस हुई। शहर में दोपहर के समय सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम देखी गई और कई जगहों पर लोग गर्मी से बचने के लिए छांव और ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेते नजर आए।

मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार बुधवार को रांची में अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसी प्रकार जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री और न्यूनतम 27.7 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 42.4 डिग्री और न्यूनतम 27.6 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 39.5 डिग्री और न्यूनतम 29.6 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।----------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak