मोहर्रम श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुविधा निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता
रांची, 22 जून (हि.स.)।
आगामी मोहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर रांची नगर निगम सभागार में अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को विभिन्न अखाड़ा समितियों, सेंट्रल मोहर्रम कमिटी और शांति समिति के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में संजय कुमार ने कहा कि मोहर्रम को लेकर रांची नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है और सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में निगम अधिकारियों को जुलूस मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाने, जलजमाव की स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम को सक्रिय रखने, खराब पड़ी पथ बत्तियों की मरम्मत कराने और सूखी एवं लटकती पेड़ों की टहनियों की छंटाई कराने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा आवश्यकता अनुसार पेयजल टैंकर, चलंत शौचालय और सिटी बस की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके साथ ही बैठक में अखाड़ा समितियों एवं मोहर्रम कमिटी के प्रतिनिधियों ने जुलूस मार्गों की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, पथ प्रकाश, चलंत शौचालय, स्टोन डस्ट की उपलब्धता और सिटी बस संचालन सहित विभिन्न नागरिक सुविधाओं की मांग रखी। प्रतिनिधियों ने पर्व के दौरान बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर बल दिया।
बैठक में निगम के पदाधिकारी, स्वच्छता शाखा के कर्मी, सेंट्रल मोहर्रम कमिटी, विभिन्न अखाड़ा समितियों एवं शांति समिति के सदस्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar