जमीन कारोबारी से लूट मामले में सात गिरफ्तार, राइफल बरामद
रांची, 07 मई (हि.स.)। रातू थाना क्षेत्र के मलमाडू में हुई राइफल लूट और जमीन कारोबारी पर जानलेवा हमला मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने सात अपराधी को गिरफ्तार करते हुए लूटी लाइसेंसी राइफल को भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों में सतीश उरांव, सुखनाथ गोप, दासुवा उरांव, रंजीत गोप, सोमरा उरांव, विपिन उरांव और बबलू अहीर शामिल है। इनके पास से एक लाइसेंसी .315 बोर की राइफल और पिकअप वैन बरामद किया गया है।
रांची ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने गुरुवार को बताया कि 5 मई की देर रात जमीन कारोबारी सतीश कुमार महतो रातू से मंडा मेला देखकर अपने मित्र मदन अरोड़ा के साथ वापस घर लौट रहे थे। इसी बीच रातू के मलमाडू के पास अज्ञात हमलावरों ने सतीश के साथ मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके साथ ही उनकी लाइसेंसी राइफल लूट ली।
इस मामले की जानकारी मिलने के बाद एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने छापेमारी कर घटना में शामिल सात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गोस्वामी ने बताया कि रातू थाना क्षेत्र के मालमाडु गांव में तारूप जाने वाली सड़क पर कार में सवार सतीश कुमार तथा उनके सहयोगी को सामने से आ रहे पिकअप वैन पर सवार पांच लोगों के साथ गाड़ी पास नहीं देने तथा लाइट डीम नहीं करने को लेकर आपास में झड़प हुआ था। जिसमें सतीश कुमार तथा उनके सहयोगी को मारपीट कर बुरी तरह जख्मी दिया गया, वर्तमान में दोनों मेडिका अस्पताल में इलाजरत हैं।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रातू थानान्तर्गत ग्राम मुरचू से इस कांड में शामिल सभी सात आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही लूटी गयी लाइसेंसी 0.315 बोर की राइफल को आरोपित सतीश उरांव की निशानदेही पर बरामद किया गया। इस घटना में प्रयुक्त पिकअप वैन को पिठौरिया थाना क्षेत्र से आरोपित विपिन उरांव के पास से बरामद किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे