देवघर में गैस कटर से एसबीआई का एटीएम काटकर उखाड़ ले गए बदमाश
देवघर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। नगर थाना क्षेत्र के नंदन पहाड़ स्थित सेवाधाम के समीप मंगलवार तड़के बदमाश भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) का एटीएम गैस कटर से काटकर उखाड़ ले गए। अपराधियों ने मशीन को रस्सी से बांधकर करीब 500 मीटर तक सड़क पर घसीटा और फिर कार में लादकर फरार हो गए। पूरी वारदात पास के एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में सात युवक वारदात को अंजाम देते दिखाई दे रहे हैं।
बताया गया कि एटीएम का अलार्म बजने के बाद एसबीआई के पटना स्थित कंट्रोलिंग कार्यालय को घटना की जानकारी मिली। बैंक की ओर से तत्काल देवघर पुलिस को अलर्ट किया गया। सूचना मिलते ही नगर थाना की पीसीआर टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, अपराधियों ने पहले एटीएम बूथ का शटर तोड़ा। इसके बाद गैस कटर से मशीन को उसके बेस से अलग किया। मशीन भारी होने के कारण उसे सीधे कार तक ले जाना संभव नहीं था। इसलिए बदमाशों ने मशीन को रस्सी से बांधा और सड़क पर घसीटते हुए करीब 500 मीटर दूर एक सुनसान स्थान तक ले गए। वहां से उसे कार में लादकर फरार हो गए। घटनास्थल से मशीन को घसीटे जाने के स्पष्ट निशान मिले हैं।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। एक घर के कैमरे में सात युवक वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। सभी ने गमछे और टोपी से चेहरा ढक रखा था। एक फुटेज में पांच-छह बदमाश मिलकर भारी एटीएम मशीन को कार में लादते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस शहर के प्रवेश और निकास मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि अपराधियों के भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
घटना के बाद शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार, एटीएम पर तैनात सुरक्षा गार्ड की ड्यूटी रात 10 बजे तक ही थी। इसके बाद वह शटर गिराकर चला जाता था। आशंका है कि अपराधियों ने इसी का फायदा उठाया। घटना की जानकारी मिलने के बाद गार्ड भी मौके पर पहुंचा और पुलिस को आवश्यक जानकारी दी।
एटीएम में घटना के समय कितनी नकदी थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। बैंक अधिकारियों और एटीएम में नकदी डालने वाली एजेंसी से जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक तौर पर मशीन में लाखों रुपये होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस नकदी की वास्तविक राशि की पुष्टि के लिए बैंक से जानकारी ले रही है।
देवघर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रवीण पुष्कर ने बताया कि पुलिस को मामले में अहम सुराग मिले हैं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है। एसपी ने जल्द मामले का खुलासा किए जाने की बात कही है।
एटीएम को ही उखाड़कर ले जाने की इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात के समय सुरक्षा व्यवस्था और एटीएम की निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy