ब्रह्माकुमारी आश्रम में समाजसेवा और महिला सशक्तिकरण में योगदान देने वाली महिलाओं का हुआ सम्मान
रांची, 27 जुलाई (हि.स.)। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के पिठोरिया स्थित नवा टोली आश्रम परिसर में सोमवार को वरिष्ठ महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में समाजसेवा, नशामुक्ति अभियान, सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन तथा आध्यात्मिक एवं नैतिक मूल्यों के प्रसार में उल्लेखनीय योगदान देने वाली क्षेत्र की महिलाओं को सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह में उर्मिला देवी, लीला देवी, शांति देवी, दुलारी देवी, शीतल देवी, भीमा देवी, इंदू देवी, रेनू देवी, सुमन कुमारी, नेहा कुमारी, ममता कुमारी, चन्द्रकांति खलखो, सुमित्रा कुमारी सहित कई महिलाओं को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने सम्मानित महिलाओं के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
मुख्य अतिथि पिठोरिया की मुखिया मुन्नी मुंडा ने कहा कि समाजहित में निस्वार्थ भाव से कार्य करने वाली महिलाओं का सम्मान पूरे समाज का सम्मान है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक सोच, सामाजिक समरसता और महिला सशक्तिकरण को भी नई दिशा देते हैं। उन्होंने महिलाओं से सामाजिक विकास और जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की मुख्य संचालिका बीके राजपति ने सभी अतिथियों एवं सम्मानित महिलाओं का स्वागत करते हुए कहा कि महिला परिवार और समाज की आधारशिला होती है। यदि महिलाएं जागरूक, शिक्षित और संस्कारित होंगी तो आने वाली पीढ़ियां भी नैतिक मूल्यों से परिपूर्ण होंगी। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक शिक्षा के माध्यम से ही नशामुक्त, शांतिपूर्ण और संस्कारवान समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने लोगों से जीवन में आध्यात्मिकता, नैतिकता और मानवीय मूल्यों को अपनाने का आग्रह किया।
समारोह में समाज में बढ़ती नशाखोरी, सामाजिक कुरीतियों और नैतिक मूल्यों के ह्रास पर भी चिंता व्यक्त की गई। वक्ताओं ने कहा कि इन चुनौतियों से निपटने में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और परिवार से ही सकारात्मक परिवर्तन की शुरुआत की जा सकती है।
कार्यक्रम में पंच आनंद प्रसाद, तुलसी उरांव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, आश्रम परिवार के सदस्य एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। समारोह का समापन सभी के सुख, शांति और समाज में सद्भावना की कामना के साथ किया गया।----------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar