राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में देवघर की पुरुष और महिला टीम लेगी भाग

 

देवघर, 31 मई (हि.स.)। झारखंड राज्य कबड्डी संघ के तत्वावधान में आयोजित होने वाली 13 वीं सीनियर राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन ०5 जून से ०7 जून तक धनबाद स्थित डॉ जेके सिन्हा मेमोरियल इंटरनेशनल स्कूल ऑफ लर्निंग में किया जाएगा।

इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों की पुरुष और महिला टीमें हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। इस संबंध में जानकारी देते हुए देवघर जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष मनीष सिंह ने रविवार को बताया कि प्रतियोगिता की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और देवघर जिला कबड्डी संघ भी इस राज्य स्तरीय आयोजन में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगा।

उन्होंने कहा कि जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए राज्य स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने का यह एक सुनहरा अवसर है। संघ का लक्ष्य है कि देवघर की टीम उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करे। संघ के सचिव बमबम दूबे ने बताया कि प्रतियोगिता में जिले की पुरुष और महिला दोनों टीमें भाग लेंगी।

टीम चयन के लिए खिलाड़ियों का ट्रायल ०3 जून को देवघर महाविद्यालय में आयोजित किया जाएगा। ट्रायल में जिले के सभी योग्य और इच्छुक खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी और खिलाड़ियों के प्रदर्शन, शारीरिक फिटनेस और तकनीकी कौशल के आधार पर अंतिम टीम का चयन किया जाएगा।

देवघर जिला कबड्डी संघ ने जिले के सभी कबड्डी खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और प्रशिक्षकों से अधिक से अधिक संख्या में ट्रायल में भाग लेने की अपील की है। राज्य स्तरीय इस प्रतियोगिता को लेकर जिले के खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है और खेल प्रेमियों को देवघर की टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy