सारठ के आलोक का काॅमर्शियल पायलट प्रशिक्षण के लिए चयन
देवघर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के सारठ प्रखंड अंतर्गत पत्थरड्डा पंचायत के मुरकुट्टा गांव निवासी आलोक कुमार राय का काॅमर्शियल पायलट लाइसेंस (सीपीएल) प्रशिक्षण के लिए चयन हुआ है। झारखंड सरकार की सोना सोबरन उड़ान अकादमी (झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट), रांची की ओर से उन्हें प्रवेश की पुष्टि संबंधी पत्र जारी किया गया है। इस उपलब्धि से उनके परिवार और गांव में खुशी का माहौल है।
अकादमी की ओर से 23 अक्टूबर को जारी कन्फर्मेशन लेटर के अनुसार, आलोक ने प्रवेश से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। उनका प्रशिक्षण के लिए प्रवेश सुनिश्चित हो गया है। उन्हें 20 नवंबर 2026 को दुमका एयरपोर्ट स्थित सोना सोबरन उड़ान अकादमी में रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है। प्रशिक्षण अगले कार्यदिवस से शुरू होगा।
आलोक कुमार राय ने बताया कि झारखंड सरकार की योजना के तहत चयनित 15 अभ्यर्थियों को काॅमर्शियल पायलट प्रशिक्षण के लिए छात्रवृत्ति दी जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों में उन्होंने छठी रैंक हासिल की है। इस योजना के तहत उनके प्रशिक्षण पर झारखंड सरकार लगभग 70 लाख रुपये खर्च करेगी। इससे उन्हें आर्थिक सहयोग के साथ विमानन क्षेत्र में अपना करियर बनाने का अवसर मिलेगा।
अकादमी की ओर से आलोक को प्रशिक्षण के लिए आवश्यक सामग्री और फ्लाइट किट भी उपलब्ध कराई गई है। इसमें आईपैड, यूनिफॉर्म, हेडसेट, फ्लाइट कंप्यूटर, टाइमर घड़ी सहित अन्य जरूरी सामान शामिल हैं। प्रशिक्षण के दौरान वे विमान उड़ाने से संबंधित सैद्धांतिक और व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करेंगे।
आलोक के पिता भरत राय ने बेटे की सफलता पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने गांव-घर और परिजनों को इस उपलब्धि की जानकारी दी। ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर कमर्शियल पायलट बनने की दिशा में कदम बढ़ाने वाले आलोक की सफलता को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है।
प्रशिक्षण पूरा करने और निर्धारित मानकों एवं प्रक्रियाओं को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद आलोक का अगला लक्ष्य कमर्शियल पायलट लाइसेंस प्राप्त करना होगा। उनकी इस उपलब्धि से मुरकुट्टा गांव सहित पूरे सारठ क्षेत्र में खुशी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy