जेएसएससी सीजीएल चयनित अभ्यर्थियों ने की निष्पक्ष जांच की मांग

 


रांची, 12 सितंबर (हि.स.)।

जेपीएससी, जेएसएससी सीजीएल सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली को लेकर जेएसएससी सीजीएल के चयनित अभ्यर्थियों ने शनिवार को रांची प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता की।

अभ्यर्थियों ने परीक्षा और नियुक्ति को लेकर चल रहे विवाद पर अपनी चिंता जताते हुए कहा कि वे वर्षों की मेहनत के बाद चयनित हुए हैं, लेकिन अब उन पर पैसे देकर नौकरी हासिल करने के आरोप लगाए जा रहे हैं।

अभ्यर्थियों ने कहा कि वे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों से आते हैं। 35 से 40 लाख रुपये देकर नौकरी हासिल करने का आरोप पूरी तरह निराधार है।

उन्होंने कहा कि वे जांच के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच चाहते हैं। जांच में जो भी दोषी मिले, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

अभ्यर्थियों का कहना था कि सिर्फ भीड़ के दबाव में पूरी परीक्षा रद्द करना उचित नहीं होगा। बिना दोष साबित हुए सभी चयनित अभ्यर्थियों की नौकरी रद्द करना न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच सीआईडी कर रही है और न्यायालय में भी मामला विचाराधीन है। ऐसे में जांच और न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।

प्रेस वार्ता के दौरान कई अभ्यर्थी भावुक भी हो गए। एक अभ्यर्थी ने बताया कि चयन के बाद उन्होंने आईटीबीपी की नौकरी छोड़ दी थी। अब यदि जेएसएससी सीजीएल की नौकरी भी चली जाती है तो उनके सामने भविष्य का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। अभ्यर्थियों ने निर्दोष चयनित उम्मीदवारों को संरक्षण देने की मांग की।

प्रेस वार्ता में कई सफल अभ्यर्थी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar