डिजिटल हेल्थ मिशन की अपर मुख्य सचिव ने की समीक्षा
रांची, 31 अगस्त (हि.स.)। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न डिजिटल और तकनीकी व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ मिशन, आईसीयू, एचएमआईएस, सीसीटीवी, डैशबोर्ड और एचआरआईएस की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई।
सी-डैक के एचएमएस की समीक्षा करते हुए अपर मुख्य सचिव ने सिस्टम को अपडेट करने और रिम्स जाकर इसकी प्रगति की समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने ऑनलाइन अपॉइंटमेंट और डिजिटल पेमेंट की सुविधा 15 दिनों के भीतर शुरू करने को कहा।
बीएसएनएल को राज्य के सभी मेडिकल कॉलेज, जिला एवं अनुमंडल अस्पतालों, सीएचसी तथा पीएचसी में वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। पीएचसी स्तर पर इंटरनेट की गति 02 एमबीपीएस से बढ़ाकर 20 एमबीपीएस करने का लक्ष्य रखा गया है। बीएसएनएल के अनुसार 188 सीएचसी में वाई-फाई सुविधा शुरू हो चुकी है। बिजली की समस्या वाले केंद्रों पर 48 घंटे का बैकअप उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की जा रही है।
बैठक में एआई आधारित टेली-ईसीजी मशीन का प्रदर्शन किया गया। इसे सीएचसी स्तर पर स्थापित करने का प्रस्ताव है, जिससे गोल्डन ऑवर में तत्काल ईसीजी रिपोर्ट उपलब्ध हो सकेगी।
एचआरआईएस की समीक्षा में संविदाकर्मियों के मानदेय भुगतान को पोर्टल पर दर्ज और सत्यापित मासिक उपस्थिति से जोड़ने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में एनएचएम के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा, संयुक्त सचिव दिनेश कुमार यादव, सी-डैक, बीएसएनएल, भारतीय स्टेट बैंक तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar