दुमका में द्वितीय धर्म सम्मेलन में उमड़े मरांगबुरु भक्त

 




दुमका, 10 नवंबर (हि.स.)। दिसोम मांझी थान आर जाहेर थान समिति, संताल परगना प्रमंडल, दुमका के दिसोम मांझी बाबा बीनीलाल टुडू के नेतृत्व में द्वितीय धर्म सम्मेलन सह सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन दुमका स्थित बिरसा मुंडा आउटडोर स्टेडियम में मंगलवार को सम्पन्न हुई । कार्यक्रम में दिसोम नायकी बाबा सीताराम सोरेन के नेतृत्व में दिसोम जाहेर थान में पारंपरिक बोंगाबुरु अनुष्ठान से हुई। इसके बाद दिसोम मांझी थान में भी बोंगाबुरु अनुष्ठान सम्पन्न किया गया।

कार्यक्रम में मरांगबुरु भक्तों ने दिसोम मांझी थान से पारंपरिक यात्रा शुरू की, जो डीसी चौक

और महिला कॉलेज होते हुए बिरसा मुंडा आउटडोर स्टेडियम पहुंची। वहीं धर्म गुरु और मांझी बाबाओं एवं सम्मानित अतिथियों का पारंपरिक लोटा-पानी से स्वागत किया गया। इसके बाद दिशाेम मांझी बाबा बीनीलाल टुडू के स्वागत संबोधन के साथ मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। धर्म सम्मेलन के दौरान विभिन्न धर्म गुरुओं और बुद्धिजीवियों ने बारी-बारी से संताल आदिवासी धर्म, परंपरा, रीति-रिवाज एवं धार्मिक मान्यताओं पर विस्तारपूर्वक विचार रखा। इनमें धर्म गुरु सर्वेश्वर किस्कू ने मानव सृजन, चार छूत कलिया सोना और सोनोत विचार विषय पर, सुनीलाल हेंब्रम (बुद्धिजीवी) ने सोहराय पर, धर्म गुरु ढेना हेंब्रम ने बाहा पोरोब पर एवं सुनील हेंब्रम (बुद्धिजीवी) ने बापला-भाडांन रे एतोम-कोयें, बरियाड़ हेंब्रम ने भाडांन बिनती विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किया। इसके अतिरिक्त सच्चिदानंद सोरेन (मरांगबुरु) ने साप्ताहिक बोंगाबुरु के महत्व और विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।

धर्म सम्मेलन सह सांस्कृतिक कार्यक्रम में झारखंड के विभिन्न जिलों के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में मांझी बाबा, आतो मोड़ेंहोड़ और मरांगबुरु भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से पारंपरिक धार्मिक मान्यताओं, आदिवासी संस्कृति, रीति-रिवाजों और सामाजिक परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर अनेक गणमान्य व्यक्ति, धर्म गुरु एवं समाजसेवी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार