रजरप्पा मंदिर में विस्थापित दुकानदारों के लिए जमीन का करें डिमार्केशन : डीसी

 


रामगढ़, 13 जून (हि.स.)। रजरप्पा मंदिर के पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण का कार्य काफी तेजी से होना है। इस क्षेत्र में विस्थापित हुए दुकानदारों को झारखंड उच्च न्यायालय के निर्देश पर दुकानों का आवंटन किया जाना है। शनिवार को डीसी ऋतुराज ने मां छिन्नमस्तिका मंदिर पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण कार्य की समीक्षा की। उन्होंने दुकानदारों को आवंटित होने वाले दुकानों के निर्माण के लिए चिन्हित जमीन पर डिमार्केशन करने को कहा। इसकी जिम्मेदारी उन्होंने रामगढ़ एसडीओ कृष्ण मुरारी तिर्की, चितरपुर अंचल अधिकारी दीपक मिंज और गोला सीओ सीताराम महतो को सौंपी है। उन्होंने कहा कि 254 दुकानदारों को लॉटरी के माध्यम से दुकान का आवंटन किया जाना है। यह प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से होगी।

बैठक के दौरान डीसी ने मंदिर परिसर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की बिंदुवार प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि उच्च न्यायालय के आदेशों का अनुपालन करते हुए सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करें।

बैठक में डीडीसी आशीष अग्रवाल, एसडीओ कृष्ण मुरारी तिर्की, अंचल अधिकारी, भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी और अभियंता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश