झारखंड में बढ़ी गर्मी की तपिश, जमशेदपुर सबसे गर्म, 17-18 अप्रैल को लू का अलर्ट
रांची, 14 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के विभिन्न जिलों में इन दिनों गर्मी का असर तेज हो गया है। कड़ी धूप और बढ़ते तापमान के कारण लोग दोपहर के समय घरों से निकलने से बच रहे हैं। दिन के समय मौसम तपता हुआ महसूस हो रहा है।
मंगलवार को रांची का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राज्य में सबसे अधिक तापमान जमशेदपुर में 39.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार, अभी तापमान औसत के आसपास है और स्थिति पूरी तरह से असामान्य नहीं है।
मौसम विभाग ने आगामी दिनों को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, 17 और 18 अप्रैल को राज्य के कई हिस्सों में लू चलने की संभावना है। 17 अप्रैल को राज्य के पश्चिमी और आसपास के मध्य भागों में, जबकि 18 अप्रैल को पश्चिमी, मध्यवर्ती और दक्षिणी क्षेत्रों में कहीं-कहीं लू का प्रभाव देखा जा सकता है।
मंगलवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से ही आसमान साफ रहा और तेज धूप के कारण लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा। हालांकि, शाम होते-होते मौसम सुहावना और ठंडा हो जा रहा है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल रही है।
राज्य के अन्य प्रमुख शहरों में भी तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री और न्यूनतम 18.9 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 37.5 डिग्री और न्यूनतम 18.6 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 39.4 डिग्री और न्यूनतम 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें और लू से बचाव के लिए पर्याप्त सावधानी बरतें।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak