नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर निकली स्कूटी रैली

 


रांची, 15 अप्रैल (हि.स.)। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को रांची में नारी शक्ति की ओर से भव्य स्कूटी रैली का आयोजन किया गया।

जेल मोड़ से प्रारंभ हुई यह रैली कचहरी चौक, शहीद चौक होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक तक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। रैली में शामिल महिलाओं ने पूरे जोश और गर्व के साथ नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रति समर्थन व्यक्त किया।

इस दौरान महिलाओं ने पंचायत से लेकर संसद तक 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार प्रकट किया। यह रैली नारी शक्ति के आत्मविश्वास, अधिकार और भागीदारी की सशक्त अभिव्यक्ति रही।

नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की महिलाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोलने वाला ऐतिहासिक निर्णय है, जो उन्हें राष्ट्र निर्माण में और अधिक प्रभावी भूमिका निभाने के लिए सशक्त बनाएगा।

मौके पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने महिलाओं का उत्साहवर्धन करने के लिए स्कूटी रैली को विदा किया।

मौके पर सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की महिलाओं को एक बहुत बड़ा उपहार देने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 33 प्रतिशत आरक्षण 07 दशकों का इंतजार अब खत्म हुआ। अब हमारे देश की बेटियां सांसद और विधायक बन कर देश का नेतृत्व करेंगी और भारत सशक्त राष्ट्र के रूप में उभरेगा।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से आरती कुजूर, सीमा सिंह, अनीता वर्मा ,नीलम चौधरी, उषा पांडे, नेहा सिंह, महानगर के अध्यक्ष वरुण साहू जितेंद्र वर्मा, रोमित नारायण सिंह, रणधीर सिंह सहित महिला सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे