अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही केंद्र सरकार की योजनाएं : देवेश
रामगढ़, 05 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय की राज्य स्तरीय दिशा समिति (झारखंड) के सदस्य देवेश तिवारी ने सोमवार को रामगढ़ जिले का दौरा किया।
इस दौरान उन्होंने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की राष्ट्रसेवा और अंत्योदय के संकल्प की सराहना की। उन्होंने कहा कि पीएम का जीवन राष्ट्रसेवा, जनसेवा और गरीब कल्याण के प्रति समर्पित रहा है। आज प्रधानमंत्री जन-धन योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन और पीएम-किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
देवेश तिवारी ने कहा कि महिलाओं को विकास की सहभागी के साथ नेतृत्वकर्ता बनाने की दिशा में भी कई पहल की गई हैं। लखपति दीदी, स्वयं सहायता समूह और मुद्रा योजना जैसी योजनाओं से महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिला है। ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प के तहत स्थानीय कारीगरों, युवाओं, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों एवं स्टार्टअप को प्रोत्साहित किया जा रहा है। वहीं डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया और कौशल विकास जैसी पहलों के माध्यम से युवाओं के लिए नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।
देवेश तिवारी ने सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान देवेश तिवारी ने स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में जुटे अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्यकर्मियों एवं पैरामेडिकल स्टाफ के योगदान की सराहना की। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों और पैरामेडिकल कर्मियों को सम्मानित भी किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश