भाजपा ने एसआईआर की प्रक्रिया में विसंगतियों को लेकर निर्वाचन विभाग को सौंपा ज्ञापन

 


रांची, 26 अगस्त (हि.स.)। झारखंड भाजपा ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी-सह-सचिव मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग को विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (एसआइआर) के तहत दावा और आपत्तियां दर्ज करने की अवधि में हो रही अनियमितताओं के संबंध में ज्ञापन सौंपा है। यह ज्ञापन पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सह एसआईआर के प्रदेश संयोजक राकेश प्रसाद के जरिये अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से मिलकर सौंपा गया है।

राकेश प्रसाद ने ज्ञापन में जिक्र तमाम बिंदुओं के मद्देनजर मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच करा कर दोषी व्यक्तियों पर कार्रवाई करने और इस प्रकार के मामलों की पुनरावृति न हो, इसके लिए संबंधित पदाधिकारियों को यथोचित निर्देश देने की मांग की है।

सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि भारत में स्वच्छ और त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतंत्र का मजबूत आधार है। इसी दृष्टि से भारत निर्वाचन आयोग की ओर से विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (एसआइआर) की प्रक्रिया चलायी जा रही है। इसका मूल उद्देश्य है कि एक भी भारतीय मतदाता छूटे नहीं और एक भी गैर भारतीय का नाम मतदाता सूची में जुड़े नहीं।

ज्ञापन में कहा गया है कि झारखंड में कई अधिकारी व कर्मचारी इस नियम के विरुद्ध कार्य कर रहे हैं। विशेष कर संथालपरगना प्रमंडल में जो विसंगतियां आ रही है, राज्य के लिए चिंताजनक है। इस संबंध में समाचार पत्रों की छाया प्रति भी संलग्न किया गया है। झारखंड में स्वच्छ और त्रुटि रहित मतदाता सूची निर्माण के लिए कई बिन्दुओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराया गया है।

ज्ञापन में कहा गया है कि 15 सितम्बर, 2026 तक दावा और आपत्तियां दर्ज करने की अवधि में फार्म-6, 7 एवं 8 भरना है। इसी दौरान जिनका मतदाता सूची के प्रारूप में नाम तो दर्ज है, परंतु उन्होंने सत्यापन के लिए 2003 का कोई भी आधार नहीं दिया है, जिसके कारण उनका नाम असत्यापित की सूची में है। इस प्रकार के मतदाताओं की सुनवाई के पश्चात् स्वीकृत सूची विधानसभा के अनुसार उपलब्ध कराया जाए, ताकि इसकी पारदर्शिता बनी रहे।

ज्ञापन में कहा गया है कि साहेबगंज जिला के राजमहल विधानसभा में बूथ संख्या-343, गृह संख्या-01 में वर्ष 2019 की मतदाता सूची में 4 मतदाताओं का नाम था, जबकि 25 जुलाई, 2024 को प्रकाशित मतदाता सूची में 39 मतदाताओं का नाम है। वर्तमान सूची में सैयद अली का आयु 69 वर्ष है, जबकि उसके पुत्र गफूर शेख की आयु 67 वर्ष है। इसी बूथ पर वर्ष 2019 में आजाद अली की आयु 34 वर्ष है, वहीं 2024 की सूची में आजाद अली का नाम नहीं है, परंतु उनकी पत्नी आयसा का नाम है, जिसकी आयु 64 वर्ष है।

इसके अलावा जिन बिंदुओं का जिक्र किया गया है उसमें कहा गया है कि राजमहल विधानसभा में बूथ संख्या-187, गृह संख्या-137 में वर्ष 2019 की मतदाता सूची में मात्र 12 मतदाता थे, जबकि वर्तमान मतदाता सूची में बढ़कर 26 हो गये हैं।

वहीं साहेबगंज जिले के बोरियो विधानसभा में मंडरो प्रखंड के लालमाटी गांव में एक भी मुस्लिम का घर नहीं है, परंतु वहां के मतदाता सूची में दर्जनों मुस्लिम मतदाता शामिल है और तेलियागढ़ी बूथ पर उनके मतदान करने की बात कही गई है।

ज्ञापन में कहा गया है कि साहेबगंज जिला में ऐसा भी मामला सामने आया है कि 15 वर्ष के मतदाता को पिता बताया जा रहा है और उसी मतदाता को 30 वर्ष की आयु में दादा बताया जा रहा है। इसके अतिरिक्त कुछ ऐसे भी मामला सामने आया है कि पिता और पुत्र की आयु में मात्र 2-3 वर्ष का अंतर है।

ज्ञापन में कहा गया है कि 25 अगस्त, 2026 को गोड्डा विधानसभा के बसंतराय प्रखंड में बूथ संख्या 9 एवं 38 के बीएलए-2 द्वारा प्रस्तुत फार्म-7 लेने से बीएलओ ने स्पष्ट रूप से मना कर दिया। भारतीय जनता पार्टी के बीएलए-1 की ओर से इसकी मौखिक सूचना प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी, गोड्डा को दी, परंतु आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे