एसबीआई ने फाउंडेशन को दिया आरओ वाटर कूलर

 


देवघर, 23 मई (हि.स.)। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के सौजन्य से श्रील फाउंडेशन को आरओ प्यूरिफायर वाटर कूलर दिया गया। इससे सदर अस्पताल परिसर स्थित सेवा केंद्र में मरीजों और उनके परिजनों को अब शुद्ध और शीतल पेयजल की सुविधा मिलेगी।

श्रील फाउंडेशन पिछले 06 वर्षों से सदर अस्पताल परिसर में प्रतिदिन लगभग 300 जरूरतमंद मरीजों और उनके परिजनों को भोजन सेवा उपलब्ध करा रहा है। संस्था के निरंतर सेवा कार्यों से प्रभावित होकर एसबीआई ने यह सहयोग दिया है। इस पहल के माध्यम से भोजन सेवा का लाभ लेने वाले मरीजों के परिजनों, दूर-दराज़ से आने वाले लोगों तथा अन्य जरूरतमंद व्यक्तियों को 24 घंटे ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। खासकर भीषण गर्मी के मौसम में यह सुविधा लोगों के लिए काफी राहतकारी साबित होगी।

श्रील फाउंडेशन के सचिव राकेश वर्मा ने एसबीआई के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भोजन के साथ स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना भी संस्था की सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने इसे सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy